अमित कुमार, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संयुक्त राष्ट्र को वर्चुअली संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का संयुक्त राष्ट्र की 75वीं सालगिरह पर आज शाम सवा सात बजे संबोधन होगा। सुरक्षा परिषद में भारत की जीत के बाद पीएम मोदी का संयुक्त राष्ट्र में ये पहला संबोधन होगा। पीएमओ के मुताबिक पीएम समापन सत्र को संबोधित करेंगे। जिसमें उनके साथ नार्वे की प्रधानमंत्री एर्ना सोलबर्ग और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतेरस भी शामिल होंगे। आपको बता दें कि भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 2021-22 के सेशन के लिए अस्थाई सदस्य के रूप में चुना गया है।
यूएन की 75वीं सालगिरह के मौके पर न्यूयॉर्क में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल भाषण देंगे। यूएन में भारत के परमानेंट प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने बताया, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की जीत के बाद पीएम मोदी का यूएन में यह पहला भाषण होगा। मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को पिछले साल सितंबर में संबोधित किया था। तब उन्होंने इंटरनेशनल कम्युनिटी से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया था।
आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत में भारत दो साल के लिए सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य चुना गया था। भारत ने भारी मतों से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जीत हासिल की थी। एशिया-प्रशांत राष्ट्रों के समूह की तरफ से समर्थित उम्मीदवार भारत को सुरक्षा परिषद की अस्थायी सदस्यता के लिए पड़े कुल 192 मतों में से 184 मत मिले थे। भारत के साथ नॉर्वे, आयरलैंड और मैक्सिको एक जनवरी 2021 से अगले दो साल के लिए सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के तौर पर निर्वाचित हुए हैं। यह आठवां मौका था जब भारत को परिषद की सदस्यता के लिए चुना गया।
भारत का पिछला कार्यकाल 1 जनवरी, 2020 को खत्म हो गया था। सुरक्षा परिषद में पांच स्थायी सदस्य हैं- अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, रूस, चीन। इसके अलावा 10 अस्थायी सदस्य होते हैं। आधे हर साल दो साल के लिए चुने जाते हैं। इससे पहले भारत सात बार सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य रह चुका है। 1950-1951, 1967-1968, 1972-1973, 1977-1978, 1984-1985, 1991-1992 और 2011-12 भी में भारत UNSC का अस्थायी सदस्य चुना गया था।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद(UNSC) में भारत के जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि के लिए वैश्विक समुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया था। उन्होंने कहा था कि सुरक्षा परिषद में भारत की सदस्यता के लिए मिले वैश्विक समुदाय द्वारा दिए गए अपार समर्थन के लिए बहुत-बहुत आभारी हूं। वैश्विक शांति, सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों पर सदस्य देशों के साथ भारत मिलकर काम करेगा।
from News 24 https://ift.tt/3jm5MtQ

0 Comments